गौरा गूजर में सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितता, ग्रामीणों में रोष

अंबेडकरनगर जिले के ग्राम सभा गौरा गूजर में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बन रही सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार ने मानकों की अनदेखी करते हुए जल्दबाजी में कार्य पूरा किया, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

निर्माण कार्य में नियमों की अनदेखी

स्थानीय लोगों ने बताया कि लगभग 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण अभी पूरी तरह से संपन्न भी नहीं हुई है कि वह उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली संदिग्ध है। विशेष रूप से उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से पहले मार्ग की समुचित सफाई नहीं की गई और मिट्टी की सतह पर सीधे गिट्टी डालकर रोलिंग कर दी गई।

ग्रामीणों का कहना है कि नियमानुसार निर्धारित मोटाई में गिट्टी बिछाने की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी। इस कमी के कारण सड़क निर्माण की नींव कमजोर बनी और गिट्टी डालते ही सड़क उखड़ने लगी। इससे यह स्पष्ट होता है कि सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर गंभीर असर पड़ा है।

जल्दबाजी में किया गया निर्माण, बरसात में सड़क खतरे में

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ठेकेदार ने कार्य जल्दबाजी में पूरा किया ताकि गुणवत्ता की जांच से बचा जा सके। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में यह सड़क पूरी तरह उखड़ सकती है और ग्रामीणों के लिए आवागमन मुश्किल हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button