राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सातवें चरण का आयोजन

अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर जिले में पशुओं को खुरपका एवं मुहपका रोग से बचाने के लिए बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुहपका टीकाकरण अभियान का सातवां चरण आगामी 22 जनवरी 2026 से प्रारंभ होगा, जो 10 मार्च 2026 तक संचालित किया जाएगा। यह अभियान कुल 45 दिनों तक चलेगा।

घर-घर जाकर होगा पशुओं का टीकाकरण

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान पशुपालन विभाग की टीमें घर-घर जाकर गोवंशीय एवं महिष वंशीय पशुओं का टीकाकरण करेंगी। इस अभियान का उद्देश्य जिले में खुरपका-मुहपका जैसे संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है, जिससे पशुधन की उत्पादकता और स्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सके।

चार माह से अधिक आयु के पशुओं को लगेगा टीका

योजना के तहत चार माह से अधिक आयु के सभी गोवंशीय एवं महिष वंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। हालांकि सात माह से अधिक गर्भवती गोवंशीय एवं महिष वंशीय पशुओं को इस अभियान के अंतर्गत टीका नहीं लगाया जाएगा। इस संबंध में सभी फील्ड कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

जिले के नौ विकास खंडों में गठित की गई 18 टीमें

अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के सभी नौ विकास खंडों में कुल 18 टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें रोस्टर के अनुसार ग्रामवार टीकाकरण कार्य संपादित करेंगी। प्रत्येक टीम को निर्धारित क्षेत्र आवंटित किया गया है, जिससे समयबद्ध और सुचारू रूप से टीकाकरण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button