शहजादपुर सब्जी मंडी हटाई गई, अब वार्ड नंबर-5 में लगेगी दुकानें

नगर पालिका और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, दोबारा अतिक्रमण पर सख्ती की चेतावनी

अम्बेडकरनगर में सोमवार को नगर पालिका और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहजादपुर सब्जी मंडी को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई एसडीएम सदर प्रतीक्षा सिंह, नगर पालिका परिषद अकबरपुर की ईओ बीना सिंह और कोतवाल अकबरपुर श्रीनिवास पांडे की मौजूदगी में की गई। अभियान में शहजादपुर चौकी पुलिस बल भी शामिल रहा।

डीएम ईशा प्रिया की सख्ती से हुई कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले से थीं गंभीर

जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर शहजादपुर सब्जी मंडी को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की गई। शहर में लगातार बढ़ रहे जाम और अव्यवस्थित बाजार व्यवस्था को लेकर डीएम पहले से गंभीर थीं। उनके निर्देश के बाद प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर मंडी को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कराया।

डीएम ईशा प्रिया ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि शहर में सार्वजनिक सड़कों और बाजार क्षेत्रों पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाए। साथ ही सब्जी विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कर व्यवस्थित बाजार संचालन पर भी जोर दिया गया है।

प्रशासन ने मंडी में लग रही सब्जी की दुकानों को हटवाकर उन्हें वार्ड नंबर-5 छवनिया संघतिया, संजय टॉकीज के पीछे निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करा दिया। अधिकारियों ने दुकानदारों से नए स्थल पर ही दुकान लगाने की अपील की।

शहर में अतिक्रमण नहीं होने देने की चेतावनी

कार्रवाई के दौरान नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि सब्जी विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। इसके बावजूद यदि पुरानी जगह पर दोबारा दुकान लगाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने मंडी क्षेत्र को पूरी तरह खाली कराया और सड़क किनारे रखे गए अस्थायी ढांचे भी हटवाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button