
जलालपुर (अम्बेडकरनगर)। सावन माह के प्रथम सोमवार पर श्री शीतला माता मठिया मंदिर स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं का भक्ति भाव से परिपूर्ण सैलाब उमड़ पड़ा। प्रातः से ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और शिवभक्तों ने घंटों कतार में लगकर शिवलिंग का दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
शिवलिंग का विशेष श्रृंगार बना आस्था का केंद्र
माँ शीतला की सेवा में सतत समर्पित नीरज जलालपुरी और उनकी टीम द्वारा शिवलिंग का विशेष श्रृंगार किया गया। बेलपत्र, फूल, चंदन, धतूरा एवं विविध औषधीय पत्तियों से सजे भोलेनाथ के विग्रह को देख श्रद्धालु अभिभूत हो उठे। मंदिर परिसर में चारों ओर भक्ति का वातावरण बना रहा।
आरती में उमड़ा उत्साह, गूंजे जयकारे
संध्या के समय शुभम गुप्ता, आशीष जैन और सौरभ सैनी के नेतृत्व में भव्य आरती का आयोजन हुआ। विकास निषाद और सोनू सोनकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया। घंटे, घड़ियाल और शंखनाद के साथ की गई आरती में श्रद्धालु शिव भक्ति में लीन हो गए।
मंदिर परिसर में कांवड़ लेकर आए शिवभक्तों ने गंगाजल से शिवलिंग का जलाभिषेक किया। इस अवसर पर दिशांत गुप्ता और अभिषेक सोनकर ने सावन के परंपरागत भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु जल व्यवस्था, सुरक्षा और लाइन प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई थी। साफ-सफाई से लेकर भक्ति कार्यक्रम तक हर पहलू पर समर्पित प्रयास किए गए।









