- बारिश के कारण कुछ देर के लिए रुकी शूटिंग
- पर्यटकों के मोबाइल से डिलीट कराए गए शूटिंग वीडियो
- फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल एक बार फिर बॉलीवुड की कैमरा लेंस में कैद हुआ। मंगलवार सुबह यहां फिल्म ‘तू मेरी, मैं तेरा’ की शूटिंग हुई, जिसमें जैकी श्रॉफ, अनन्या पांडे और कार्तिक आर्यन ने हिस्सा लिया। हालांकि बारिश के कारण शूटिंग कुछ देर के लिए रोकनी पड़ी।
सुबह-सुबह जैसे ही शूटिंग का सेटअप लगना शुरू हुआ, पर्यटक आश्चर्य में पड़ गए। तभी प्रिंटेड शर्ट, ब्लैक ट्राउजर और हैट में नजर आए जैकी श्रॉफ, और कुछ ही देर बाद अनन्या पांडे व कार्तिक आर्यन भी पहुंच गए। शूटिंग के दौरान जैकी श्रॉफ ने फैंस के साथ फोटो भी क्लिक करवाईं, जबकि अनन्या पांडे ने इंस्टाग्राम पर ताजमहल की 7 तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा – “वाह ताज”।
पर्यटकों की नाराजगी, वीडियो डिलीट कराए गए
शूटिंग के दौरान कुछ समय के लिए पर्यटकों की एंट्री रोक दी गई, जिससे कुछ लोग नाराज हो गए। उनका कहना था कि वे ताजमहल देखने दूर-दराज से आए हैं, फिर उन्हें रोका क्यों गया? कई पर्यटक रॉयल गेट पर रुककर शूटिंग के वीडियो बनाने लगे, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उनके मोबाइल से वीडियो डिलीट करवा दिए। इस कारण पर्यटक न तो शूटिंग देख सके, न ही रॉयल गेट से फोटो क्लिक कर सके।
2026 में रिलीज होगी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म
धर्मा प्रोडक्शंस और नमः पिक्चर्स के बैनर तले बन रही फिल्म ‘तू मेरी, मैं तेरा’ 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आएगी। फिल्म की कहानी रोमांस और कॉमेडी का दिलचस्प मिश्रण होगी।








