
अम्बेडकरनगर। बकरीद के मौके पर जिले में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने गुरुवार को भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर यह व्यवस्था सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छोड़कर अन्य भारी वाहनों के प्रवेश और आवाजाही पर निर्धारित मार्गों के अनुसार रोक और डायवर्जन रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने अकबरपुर, टाण्डा, जलालपुर और बसखारी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। त्योहार के दौरान बाजारों और मुख्य मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
अकबरपुर शहर में कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
आजमगढ़ और बसखारी की ओर से अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को न्यौतरिया बाईपास, गोहन्ना चौराहा, पहतीपुर श्रवण क्षेत्र और अन्नावा मार्ग से भेजा जाएगा। अयोध्या से आने वाले वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगे।
बस्ती और टाण्डा से अकबरपुर आने वाले भारी वाहनों को कटरिया याकूबपुर से डायवर्ट कर बाईपास मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
अकबरपुर शहर में मालीपुर रोड बाईपास, जलालपुर रोड बाईपास, बसखारी रोड न्यौतरिया बाईपास, टाण्डा रोड कटरिया याकूबपुर बाईपास, भिखारीपुर मोड़, फायर सर्विस, दोस्तपुर रोड गोहन्ना चौराहा बाईपास और अन्नावा तिराहा पर विशेष डायवर्जन लागू रहेगा।
टाण्डा और जलालपुर क्षेत्र में भी बदला रहेगा रूट
अकबरपुर से टाण्डा की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को धरमनगर पुल से राष्ट्रीय राजमार्ग-233 पर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं टाण्डा क्षेत्र के कश्मिरिया, चिन्तौरा और धुरहिया मार्गों से हल्के और भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।









