लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर से रविवार को एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें एक महिला अपने भाई को इलाज न मिलने पर जोर-जोर से चिल्लाती नजर आ रही है। वीडियो में वह गार्डों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए नजर आती है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इलाज न मिलने पर गुस्से में दिखी महिला
वीडियो में महिला आरोप लगाती है कि उसका भाई गंभीर स्थिति में है, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा। वह यह भी कहती सुनाई देती है कि उसे और उसके भाई को गार्ड ने धक्का दिया और बाहर निकालने की कोशिश की।
प्रशासन ने आरोपों से किया इन्कार
KGMU के प्रवक्ता प्रो. के.के. सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई गई है। जांच में गार्ड द्वारा किसी भी प्रकार की आक्रामकता या मारपीट का स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वीडियो में गार्ड केवल महिला की ओर जाते दिख रहे हैं, लेकिन कोई हिंसक व्यवहार नहीं दिखता।
घटना से जुड़ी परिस्थितियां जांच के घेरे में
KGMU प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। अगर किसी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








