लखनऊ नगर निगम कार्यकारिणी समिति में 6 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

भाजपा के 5 और सपा की ममता रावत बनीं सदस्य

लखनऊ। लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी समिति के चुनाव में सोमवार को छह सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इनमें भारतीय जनता पार्टी के पांच पार्षद और समाजवादी पार्टी की एक पार्षद शामिल हैं। सपा की ओर से वरिष्ठ पार्षद यायावर हुसैन रेशू का नाम लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने भरवारा मल्हौर वार्ड की पार्षद ममता रावत को उम्मीदवार बना दिया।

दो वर्षीय कार्यकाल वाली इस समिति के छह सदस्यों का कार्यकाल इसी महीने समाप्त हुआ था। चुनाव के लिए लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय के त्रिलोकनाथ सभागार में सुबह 11 बजे विशेष अधिवेशन बुलाया गया था। भाजपा ने पहले ही अपने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए थे, जबकि अन्य दलों ने कोई नामांकन नहीं किया था।

समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवार को लेकर देर रात तक मंथन किया। माना जा रहा था कि लगातार छह बार पार्षद चुने गए यायावर हुसैन रेशू को मौका मिलेगा, लेकिन चुनाव से कुछ घंटे पहले विपक्षी दल के नेता कामरान बेग ने ममता रावत का नाम आगे कर दिया।

भाजपा की ओर से सुशील तिवारी पम्मी, राजीव बाजपेई, संजय राठौर, विनोद यादव और रश्मि सिंह निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से ममता रावत कार्यकारिणी समिति की सदस्य बनी हैं।

नगर निगम की कार्यकारिणी में पहले से भाजपा के अरुण राय, पृथ्वी गुप्ता, पिंकी रावत, राजेश सिंह गब्बर और संदीप शर्मा के साथ सपा के रामनरेश चौरसिया सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। वहीं जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हुआ है, उनमें भाजपा के भृगुनाथ शुक्ला, अनुराग मिश्रा, गौरी सांवरिया, कृष्ण नारायण सिंह, चरनजीत गांधी और सपा की सबा हसन मंसूरी शामिल हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button