- 80 किलो गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
- स्विफ्ट डिजायर कार से हो रही थी गांजा की आपूर्ति
- तिलकटांडा के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
अंबेडकरनगर। श्रावण मास के दौरान गांजा तस्करी बढ़ाने की तैयारी कर रहे अंतर्राज्यीय गिरोह के मंसूबों पर जिले की पुलिस ने करारा प्रहार किया है। जहांगीरगंज थाना पुलिस, एसओजी, स्वॉट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में 80 किलो 300 ग्राम गांजा के साथ तीन शातिर तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों के पास से स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई है, जो गांजा की आपूर्ति में प्रयुक्त हो रही थी।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि तस्कर बड़ी खेप के साथ सिकंदरपुर रोड की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना के आधार पर ग्राम तिलकटांडा के पास घेरेबंदी की गई, जहां रणविजय राजभर, रामप्रवेश राजभर और अशोक यादव को दबोच लिया गया। तीनों आरोपी जनपद आजमगढ़ के निवासी हैं।
उड़ीसा से गांजा लाकर सावन में खपाने की थी तैयारी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रणविजय और रामप्रवेश लंबे समय से उड़ीसा से गांजा लाकर अंबेडकरनगर व आस-पास के जिलों में बेचते रहे हैं। अशोक यादव इनसे माल लेकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करता था। इस बार ये लोग सावन में कांवड़ यात्रा और भीड़भाड़ वाले आयोजनों के बीच ज्यादा खपत की संभावना को भुनाने के उद्देश्य से खेप लाए थे, जिससे उन्हें बड़ा मुनाफा होने की उम्मीद थी।








