- 66 लाख रुपये की राशि से होगा वार्ड का निर्माण – एनएचएम ने दी मंजूरी
- समय से पहले जन्मे शिशुओं, सांस व संक्रमण से पीड़ित नवजातों को मिलेगा त्वरित इलाज
- जिले में यह दूसरा SNCU वार्ड, पहले से अकबरपुर में एक यूनिट संचालित
अंबेंडकरनगर। जिले के नवजात शिशुओं को अब इलाज के लिए दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर टांडा में शीघ्र ही 10 बेड का स्पेशल न्यू बार्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) वार्ड संचालित होने जा रहा है। इस वार्ड की स्थापना के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा लगभग 66 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
नवजात शिशुओं के इलाज में मिलेगा विशेष लाभ
मेडिकल कॉलेज परिसर में बनने वाला यह वार्ड विशेष रूप से उन नवजात शिशुओं के लिए होगा, जिन्हें जन्म के तुरंत बाद चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होती है। इनमें समय से पहले जन्में शिशु, जन्म के बाद पीलिया, सांस लेने में दिक्कत या संक्रमण से ग्रसित नवजात शामिल हैं। अब ऐसे मामलों में परिजनों को जिला अस्पताल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और न ही अन्य शहरों की ओर रुख करना होगा।
जिला अस्पताल में पहले से संचालित है एसएनसीयू
गौरतलब है कि जिले में यह दूसरा एसएनसीयू वार्ड होगा। वर्तमान में संयुक्त जिला चिकित्सालय, अकबरपुर में 10 बेड का एसएनसीयू वार्ड संचालित है, जो अधिकतर समय पूर्ण क्षमता पर कार्य करता है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज में नई इकाई की स्थापना से मरीजों का दबाव कम होगा और ग्रामीण अंचलों के लोगों को भी सुलभ सुविधा मिल सकेगी।








