महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के सोलापुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 9 महीने की गर्भवती महिला की कथित तौर पर उसके पूर्व प्रेमी ने हत्या कर दी। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक महिला की पहचान सोनी गणेश रामपुरे के रूप में हुई है, जो डिलीवरी के लिए अपने मायके आई हुई थी। घटना 19 अप्रैल की बताई जा रही है, जब आरोपी बापू आरगोड घर में तेज साउंड सिस्टम चलाकर हंगामा कर रहा था। परिजनों के अनुसार, सोनी की मां ने उससे आवाज कम करने को कहा, ताकि गर्भवती महिला को कोई परेशानी न हो।
इस बात से आरोपी गुस्से में आ गया और पहले सोनी की मां के साथ मारपीट की। जब सोनी बीच-बचाव के लिए आगे आई, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि उसने बेरहमी से पिटाई की, गला घोंटा और दीवार से पटक दिया, जबकि वह उसकी गर्भावस्था से पूरी तरह वाकिफ था। गंभीर हालत में सोनी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और सोनी के बीच पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन युवक के नशे की आदत और बेरोजगारी के चलते परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था। बाद में सोनी की शादी किसी और से कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की गहन जांच जारी है।









