आरक्षण विरोधी नीतियों पर सपा प्रदेश अध्यक्ष का वार

  • किसानों की आय, रोजगार और महंगाई को लेकर सरकार को घेरा
  • 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने का दावा
  • कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील

अम्बेडकरनगर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भाजपा सरकार पर आरक्षण को कमजोर करने, संविधान के मूल ढांचे से खिलवाड़ करने और कानून व्यवस्था को ध्वस्त करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान को मिटाने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके तहत विभिन्न संवैधानिक व्यवस्थाओं को योजनाबद्ध तरीके से निष्क्रिय किया जा रहा है।श्याम लाल पाल ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए लगभग 19 हजार पद गलत तरीके से भर दिए गए। उन्होंने दावा किया कि उच्च न्यायालय द्वारा आदेशित पुनः जांच भी नहीं कराई गई, जिससे सरकार की मंशा स्पष्ट होती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रयागराज के कार्यालय में शिक्षक भर्ती से संबंधित पांच हजार फाइलों को जानबूझकर जला दिया गया, ताकि सबूत न बचे।

पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर हमला

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह सरकार दमनकारी रवैये को अपनाकर सामाजिक न्याय के मूल सिद्धांतों पर प्रहार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से विशेष रूप से पिछड़े वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति तथा अल्पसंख्यक समुदाय प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार आरक्षण व्यवस्था को धीरे-धीरे समाप्त करने का प्रयास हो रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

Back to top button