- राजभवन में HDFC CSR फंड से स्पेस साइंस लैब का MOU
- लैब में सैटेलाइट, रोबोटिक्स, ड्रोन और AI प्रोजेक्ट पर काम
- उच्च विद्यालय को कक्षा 10वीं तक की मान्यता
लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में रविवार को राजभवन में व्योमिका फाउंडेशन के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MOU) हुआ। इसके तहत राजभवन परिसर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में HDFC बैंक के CSR फंड से करीब 12.5 लाख रुपये की लागत से स्पेस साइंस एंड इनोवेशन लैब स्थापित की जाएगी।
इस लैब में विद्यार्थी सैटेलाइट मॉडल, रोवर, ड्रोन, स्पेस मिशन सिमुलेशन और AI प्रोजेक्ट पर काम करेंगे। राज्यपाल ने बताया कि इससे बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित होगी।
राज्यपाल ने उच्च विद्यालय को अब कक्षा 10वीं तक की मान्यता मिलने की जानकारी दी और कहा कि जल्द ही नामांकन शुरू किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि अनुपस्थित बच्चों के लिए अध्यापक घर जाकर कारण पूछें, जरूरत पड़ी तो वे स्वयं भी जाएंगी।
इसके अलावा, विद्यालय में प्रतिदिन गांधीजी की आत्मकथा का एक अध्याय पढ़ाया जाएगा, ताकि बच्चों में नैतिकता और चरित्र निर्माण की भावना बढ़े। निर्माणाधीन आदर्श विद्यालय और नई लैब का उद्घाटन 26 जनवरी को किया जाएगा।








