- झांसी, जालौन और ललितपुर में तीन दिवसीय शिविरों का आयोजन
- पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर रहा फोकस
- ग्रामीण इलाकों में सफाई, जलभराव नियंत्रण और मार्ग सुधार के निर्देश
झांसी। मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे के निर्देश पर झांसी मंडल के तीनों जनपद — झांसी, जालौन और ललितपुर में तीन दिवसीय विशेष पंजीकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान वृद्धावस्था, दिव्यांग और निराश्रित महिला पेंशन के साथ-साथ श्रमिक पंजीकरण के लिए पात्र लाभार्थियों की पहचान की गई।
अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले पात्र लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से 100% लाभान्वित करना था। साथ ही, ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई, जलभराव नियंत्रण, सार्वजनिक स्थलों की मरम्मत और संपर्क मार्गों के सुधार पर भी ध्यान दिया गया।
तीनों जिलों में सैकड़ों कैम्प, हजारों लोगों का पंजीकरण
समाज कल्याण उप निदेशक एस. एन. त्रिपाठी ने बताया कि मण्डल में कुल 722 शिविर लगाए गए। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 1,993, निराश्रित महिला पेंशन के 697, दिव्यांग पेंशन के 299 और 1,320 श्रमिकों का पंजीकरण हुआ।
-
झांसी जिले में 211 कैम्पों में वृद्धावस्था पेंशन के 884, महिला पेंशन के 252, दिव्यांग पेंशन के 113 और श्रमिक पंजीकरण के 233 लाभार्थी शामिल हुए।
-
जालौन जिले में 349 कैम्पों में वृद्धावस्था पेंशन के 592, महिला पेंशन के 260, दिव्यांग पेंशन के 95 और श्रमिक पंजीकरण के 418 लाभार्थियों को जोड़ा गया।
-
ललितपुर जिले में 162 कैम्पों में वृद्धावस्था पेंशन के 517, महिला पेंशन के 185, दिव्यांग पेंशन के 91 और श्रमिक पंजीकरण के 669 लाभार्थियों का नाम दर्ज किया गया।
मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो लाभार्थी अभी तक योजनाओं से वंचित हैं, उन्हें शीघ्र चिन्हित कर जोड़ा जाए ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।








