अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के ठट्टा गांव में शुक्रवार देर रात 20 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह गांव के प्राइमरी स्कूल परिसर में एक पेड़ से युवक का शव लटका मिला। मृतक की पहचान ठट्टा गांव निवासी दिनेश निषाद के रूप में हुई है। घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आत्महत्या के पीछे पुलिस की कथित प्रताड़ना को कारण बताया है, जबकि पुलिस ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने देखा शव
ग्रामीणों के अनुसार शनिवार सुबह जब लोग रोजमर्रा के काम से बाहर निकले तो प्राइमरी स्कूल परिसर में पेड़ से युवक का शव लटका दिखाई दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। शव की पहचान होने के बाद परिजन भी वहां पहुंचे। परिजनों ने शव को पेड़ से उतारकर घर ले आए और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों का आरोप, पूछताछ से था मानसिक दबाव
परिजनों का कहना है कि दिनेश का पड़ोस के एक गांव की युवती के लापता होने के मामले से कोई लेना-देना नहीं था। बावजूद इसके, उस प्रकरण में उसका और एक महिला का नाम सामने आने के बाद पुलिस द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस दबाव के चलते दिनेश मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। उनका कहना है कि इसी तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया।
शुक्रवार रात शौच के बहाने निकला था घर से
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार देर रात दिनेश शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, लेकिन उन्हें अंदेशा नहीं था कि वह आत्महत्या कर लेगा। सुबह उसका शव मिलने के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।








