
- 6 घंटे में पूरा होगा जम्मू से श्रीनगर का सफर
- माइनस तापमान में चलने के लिए खास विंटर टेक्नोलॉजी
- हीटिंग सिस्टम, सीसीटीवी और 160 किमी/घंटा की रफ्तार से लैस
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने जम्मू-कश्मीर के कठिन और बर्फीले मौसम को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से डिजाइन की गई Vande Bharat Express की नई सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। यह ट्रेन 30 अप्रैल से जम्मू और श्रीनगर के बीच चलेगी और करीब 6 घंटे में यह सफर पूरा करेगी।
रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन में पहली बार अत्याधुनिक विंटराइजेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यह माइनस डिग्री तापमान में भी सुचारू रूप से चल सकेगी। हाल ही में किए गए ट्रायल के दौरान ट्रेन ने निर्धारित समय में श्रीनगर तक का सफर पूरा किया।
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में अत्याधुनिक हीटिंग सिस्टम लगाए गए हैं। पानी की पाइपलाइनों को जमने से बचाने के लिए सेल्फ-रेगुलेटिंग हीटिंग केबल का उपयोग किया गया है, जो बाहरी तापमान के अनुसार काम करती हैं। इसके अलावा पानी के टैंकों और बायो-टॉयलेट्स में भी विशेष हीटिंग व्यवस्था की गई है।
ट्रेन में 20 पूरी तरह एसी कोच होंगे, जिनमें ऑटोमैटिक प्लग डोर, एलईडी लाइटिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसकी अधिकतम गति 160 किमी प्रति घंटा होगी। साथ ही ऊर्जा बचाने के लिए पुनर्योजी ब्रेकिंग सिस्टम भी लगाया गया है।
जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि इस विशेष ट्रेन का संचालन क्षेत्र में बढ़ती मांग को देखते हुए किया जा रहा है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।









