- सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और अश्लीलता पर अब सख्त निगरानी
- इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर संदिग्ध यूजर्स की पहचान
- आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर की जाएगी कड़ी कार्रवाई
गोरखपुर। गोरखपुर में सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लीलता और गाली-गलौज फैलाने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। संभल जिले की दो युवतियों परी और महक द्वारा बनाए गए गाली-गलौज वाले अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने पूरे रेंज को सतर्क किया है। इसी क्रम में गोरखपुर पुलिस ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ऐसे ही अकाउंट्स की तलाश शुरू कर दी है।
डीआईजी रेंज डॉ. एस. चनप्पा ने साइबर सेल और साइबर थाने को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले यूजर्स को चिह्नित कर उनके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।
फॉलोअर्स और लाइक्स के लिए अश्लीलता का सहारा
पुलिस का कहना है कि कुछ यूजर सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और लाइक्स बढ़ाने के लिए किसी भी हद तक जा रहे हैं। वे गाली-गलौज और अभद्र भाषा के माध्यम से न केवल अश्लीलता फैला रहे हैं, बल्कि युवाओं पर इसका गलत प्रभाव भी पड़ रहा है। इस प्रकार की सामग्री समाज में तनाव और अशांति पैदा करने का कारण बन रही है।
अब ऐसे अकाउंट को साइबर सेल की मदद से ब्लॉक कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय-समय पर सोशल मीडिया मॉनिटर करें और यदि कोई वीडियो या कंटेंट आईटी कानूनों का उल्लंघन करता है, तो तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए।
संभल की घटना के बाद रेंज में बढ़ी सतर्कता
हाल ही में उत्तर प्रदेश के संभल जिले में परी और महक नाम की दो युवतियों को सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद गोरखपुर पुलिस रेंज ने भी ऐसे मामलों को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है।








