अम्बेडकरनगर। जिले में धान खरीद व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को कई क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में मंडी में संचालित सभी एजेंसियों के राजकीय क्रय केंद्रों के साथ बी.पैक्स खजुरी करौंदी और बी.पैक्स मालीपुर शामिल रहे। जिलाधिकारी ने खरीद व्यवस्था, किसानों को मिलने वाली सुविधाओं और केंद्रों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की।
धान उठान में तेजी लाने पर जोर, केंद्रों पर जगह खाली रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय विपणन अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी क्रय केंद्रों से राइस मिलों के लिए धान का त्वरित उठान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी केंद्र पर धान का स्टॉक अत्यधिक न हो, ताकि किसानों से होने वाली खरीद में कोई बाधा न आए।
इसके अलावा उन्होंने वाहनों की समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, जिससे उठान प्रक्रिया बाधित न हो।
किसानों से सीधे संवाद, नमी और भुगतान की स्थिति की जांच
जिलाधिकारी ने धान की नमी को स्वयं परखकर यह सुनिश्चित किया कि खरीद निर्धारित मानकों के अनुसार हो रही है या नहीं।
इसके साथ ही उन्होंने मौके पर उपस्थित किसानों से धान विक्रय और भुगतान की स्थिति पर बात की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को धान बेचने के बाद 24 घंटे के भीतर भुगतान हर हाल में मिलना चाहिए।
टोकन व्यवस्था की भी जांच की गई। जिलाधिकारी ने टोकन रजिस्टर में दर्ज कई किसानों को फोन कर निर्धारित समय और तिथि पर धान खरीद की स्थिति की पुष्टि की।








