- लखनऊ में दिवाली से पहले घरों और बाजारों में सजावट का जोर
- इंडियन ई-झालरों की मांग में भारी इजाफा
- चीन की लाइटों की कोई मांग नहीं
लखनऊ। दीपावली से पहले लखनऊ के लोग अपने घरों की साफ-सफाई और सजावट में जुट गए हैं। शहर की दुकानें ई-झालरों और एलईडी लाइट्स से जगमग हो उठी हैं। इस बार की खास बात यह है कि लखनऊवाले मेड इन इंडिया लाइट्स को अधिक पसंद कर रहे हैं और चीन से आयी झालरों की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा।
शहर के प्रमुख बाजारों में नाका, अमीनाबाद, महानगर, इंदिरानगर, गोमतीनगर, निशातगंज, डालीगंज, चारबाग, अलीगंज, राजाजीपुरम और जानकीपुरम में लाइटों की खरीदारी चल रही है। भास्कर के रिपोर्टर ने नाका बाजार का जायजा लिया, जहां दुकानदारों ने बताया कि ग्राहक इस बार हर प्रकार की इंडियन लाइट्स खरीद रहे हैं।
दुकानदार सासिद्री श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार झालरों और एलईडी लाइट्स की मांग बहुत ज्यादा है। नई वैरायटी आते ही ग्राहकों की डिमांड बदल रही है।
दुकानदार कमल ने बताया कि सबसे ज्यादा डिमांड पीले रंग की लाइटों की है, क्योंकि दिवाली का त्योहार पीले रंग की रौशनी से जुड़ा माना जाता है। उन्होंने कहा, “लोग इंडियन लाइट्स को प्राथमिकता दे रहे हैं और चीनी लाइट की कोई मांग नहीं है।”
बाजार में रेट में पहले की तुलना में बदलाव आया है। जो सामान पहले ₹70 में मिलता था, अब वही ₹45 में उपलब्ध है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में करीब 30% तक कीमत कम हुई है, लेकिन हर ग्राहक की पसंद अलग होने के कारण सस्ते दाम पर सभी को समान मात्रा मिलना मुश्किल हो रहा है।








