अंबेडकर नगर। नृपति नारायण सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, अमिया बाबनपुर में विद्यार्थियों के लिए विदाई कार्यक्रम का आयोजन भव्य और अनुशासित माहौल में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगामी जीवन और परीक्षाओं के लिए प्रेरित करना रहा।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों की रही उपस्थिति
विदाई कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कोतवाली बसखारी प्रभारी सुनील कुमार पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई। अतिथियों का स्वागत विद्यालय प्रबंधन की ओर से किया गया।
अंश मिश्र ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान अंश मिश्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सूत्र साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन लक्ष्य पर टिके रहकर निरंतर मेहनत करने से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जिस क्षेत्र में उनकी रुचि हो, उसमें पूरी लगन और ईमानदारी से प्रयास करें।
उन्होंने यह भी कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। संघर्ष के दौरान धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।








