उत्तराखंड में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, चीन निर्मित हथियार और हेरोइन बरामद

सेना, BSF और पंजाब पुलिस के इनपुट पर STF की कार्रवाई, पाकिस्तान ड्रोन नेटवर्क से जुड़े होने का दावा।

ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने सेना, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर ऊधम सिंह नगर से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी ईशानप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री में 3 जिगाना पिस्टल, 3 बरेटा पिस्टल, 6 चीन निर्मित पिस्टल, 20 मैगजीन और लगभग 900 ग्राम हेरोइन शामिल है।

सूत्रों के मुताबिक, ये हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब सीमा तक पहुंचाए गए थे। एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी स्वतंत्रता दिवस से पहले किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में था। उसके कुछ सहयोगियों के पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय होने की भी जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, मई 2026 में सेना, BSF और पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को सीमा पार से हथियार और ड्रग्स की खेप पहुंचने का इनपुट मिला था। इसके बाद अमृतसर में आरोपी के घर पर छापेमारी की गई थी, लेकिन वह मौके से फरार हो गया था।

बाद में पंजाब पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ऊधम सिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके आधार पर उत्तराखंड STF, पंजाब ANTF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 15 जून की तड़के दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में पाकिस्तान ड्रोन नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आने के बाद आरोपी को आगे की जांच और पूछताछ के लिए पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button