लखनऊ में सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप का आगाज

लखनऊ। सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप मंगलवार से शुरू हो गई है। गोमती नगर स्थित योनेक्स सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित इस टूर्नामेंट में 20 देशों के 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें भारत के 152 खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता 30 नवंबर तक चलेगी।

मुख्य मुकाबले और स्टार खिलाड़ी
दिन में कुल 28 क्वालीफाइंग राउंड और 25 मुख्य ड्रॉ डबल्स के मुकाबले खेले जाएंगे। महिला डबल्स में पिछली विजेता भारत की त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी मुख्य ड्रॉ में मलेशिया की चेंग सू हुई और तैन झिंग यी के साथ मुकाबला करेगी। पुरुष डबल्स में दूसरी वरीय भारत की साई प्रतीक और पृथ्वी कृष्णामूर्ति राय की जोड़ी स्वामीराज बोरा और निबिर रंजन से भिड़ेगी।

पूर्व चैंपियन किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणय, युवा खिलाड़ी प्रियांशु राजावत और उन्नति हुड्डा सहित कई अंतरराष्ट्रीय सितारे टूर्नामेंट में खेलेंगे। इस बार पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन हिस्सा नहीं ले रहे हैं।

पुरस्कार राशि और प्रसारण
टूर्नामेंट की कुल ईनामी राशि 2,40,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 2 करोड़ 16 लाख रुपए) है। यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क होगा। सेमीफाइनल और फाइनल मैचों का लाइव प्रसारण दूरदर्शन और वेव ओटीटी प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।

यूपी की नई प्रतिभाएं
इस बार कई यूपी की महिला खिलाड़ी मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने में सफल रही हैं। इनमें श्रुति मिश्रा, समृद्धि सिंह, सोनाली सिंह और तनीषा सिंह शामिल हैं। श्रुति मिश्रा मिश्रित युगल में आयुष अग्रवाल के साथ उतरेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button