- कोरिया की महिला पर्यटक के हाथ में बंदर ने काटा
- करीब एक घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस
- प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया
आगरा। ताजमहल परिसर में रविवार सुबह एक विदेशी महिला पर्यटक पर बंदर ने हमला कर दिया। रिपब्लिक ऑफ कोरिया की महिला पर्यटक के हाथ में बंदर के काटने से वह घायल हो गई। आरोप है कि घटना के बाद करीब एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे महिला दर्द से तड़पती रही। बाद में प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल भेजा गया।
शू-कवर लेने गया साथी, तभी हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, कोरिया की किम मेह अपने साथी के साथ ताजमहल घूमने पहुंची थीं। उनका साथी टिकट काउंटर से शू-कवर और पानी की बोतल लेने गया था। इसी दौरान सीढ़ियों के पास खड़ी किम मेह पर अचानक बंदर ने हमला कर दिया और उनके दाएं हाथ में काट लिया, जिससे खून बहने लगा।
एंबुलेंस नहीं पहुंची, बैटरी कार से अस्पताल भेजा
घटना के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के कर्मचारियों ने एंबुलेंस बुलाने का प्रयास किया। हालांकि, काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद घायल पर्यटक को ताजमहल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और फिर बैटरी कार से शांति मांगलिक अस्पताल भेजा गया।
ASI ने मांगी कार्रवाई
घटना के बाद एएसआई ने एंबुलेंस चालक की कथित लापरवाही को गंभीर मानते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को रिपोर्ट भेजी है। मामले में आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।









