
- अकबरपुर सीएचसी में विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
- भाजपा जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय बने मुख्य अतिथि
- बीपी, शुगर, ईसीजी, महिला रोग व दंत चिकित्सा की जांच सुविधा
अकबरपुर (अंबेडकरनगर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अकबरपुर में बुधवार को विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने भाग लिया। उन्होंने विभिन्न चिकित्सा स्टालों का निरीक्षण किया और खुद भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
स्वास्थ्य शिविर में दिखी व्यवस्थित तैयारी
शिविर में मरीजों की लंबी कतारें सुबह से ही देखी गईं। स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. नूर अहमद के नेतृत्व में कई चिकित्सकीय स्टाल लगाए गए थे, जहां मरीजों की जांच और परामर्श दिया गया। बीपी, शुगर, ईसीजी, महिला रोग, दंत चिकित्सा और बाल स्वास्थ्य से संबंधित परीक्षणों की सुविधा मौजूद रही।
चिकित्सा स्टालों का किया अवलोकन
बाल्मीकि उपाध्याय ने अधीक्षक डॉ. नूर अहमद के साथ सभी चिकित्सा स्टालों का दौरा किया। उन्होंने डॉ. आशा उपाध्याय, डॉ. चंद्रप्रकाश वर्मा, डॉ. मोहम्मद रफी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एन. सी. राम, बीपीएम पवन वर्मा और स्वास्थ्य निरीक्षक पारस नाथ की उपस्थिति में शिविर की व्यवस्थाओं की सराहना की। मौके पर उपस्थित आशा कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सहभागिता निभाई।
लाइव संबोधन में सुनी प्रधानमंत्री की बात
स्वास्थ्य शिविर के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन भी प्रसारित किया गया, जिसे मुख्य अतिथि सहित मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों व नागरिकों ने ध्यानपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और “सेवा पखवाड़ा” के माध्यम से देशव्यापी जनहित कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की बात कही।









