
तमिलनाडु : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बीच तिरुपत्तूर सीट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कार्यकर्ता को मतदान कक्ष के अंदर वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना चुनावी नियमों के उल्लंघन और मतदान की गोपनीयता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
जानकारी के मुताबिक, तमिलगा वेत्रि कषगम (TVK) के कार्यकर्ता शक्तिवेल ने मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किया। आरोप है कि उसने पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘सीटी’ पर वोट डालते हुए खुद का वीडियो बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद चुनाव अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया।
Election Commission of India पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि मतदान कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना या किसी भी प्रकार की रिकॉर्डिंग करना सख्त मना है, क्योंकि इससे वोट की गोपनीयता भंग होती है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। अब उसके खिलाफ चुनाव कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस बीच पूरे तमिल नाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान जारी है। इस चुनाव में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,000 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में 75 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, जहां महिलाएं, बुजुर्ग और युवा मतदाता उत्साह के साथ वोट डालने पहुंचे। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी है, जबकि अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।









