
अंबेडकरनगर। जनपद में वाहन बिक्री के नाम पर उपभोक्ता से कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। थाना भीटी क्षेत्र के ग्राम पकड़ी नगऊपुर निवासी प्रभात मिश्र ने टांडा रोड स्थित श्री देव व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड, टाटा शोरूम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि टाटा पंच प्योर सीएनजी वाहन की पूरी कीमत चुकाने के बावजूद न तो गाड़ी सौंपी गई और न ही धनराशि वापस की गई।
पीड़ित के अनुसार 22 दिसंबर 2025 को उन्होंने टाटा पंच प्योर सीएनजी की बुकिंग कराई थी, जिसके लिए 5,100 रुपये अग्रिम जमा किए गए। इसके बाद 4,40,848 रुपये शोरूम के खाते में जमा किए गए। शेष 2,48,016 रुपये बैंक लोन के माध्यम से 31 दिसंबर 2025 को शोरूम के खाते में स्थानांतरित कर दिए गए। इस प्रकार वाहन की पूरी कीमत का भुगतान कर दिया गया।
गाड़ी देने की तारीख बढ़ाकर किया गया टालमटोल
आरोप है कि भुगतान पूरा होने के बाद शोरूम प्रबंधन ने पहले 1 जनवरी 2026 और फिर 20 जनवरी 2026 तक वाहन देने का आश्वासन दिया। 20 जनवरी को जब पीड़ित शोरूम पहुंचे तो उनसे 11,000 रुपये नकद अतिरिक्त ले लिए गए। इसके बाद गाड़ी के साथ फोटो खिंचवाने के बाद चाभी छीन ली गई और वाहन देने से इनकार कर दिया गया।
दूसरी जगह बेचने और अतिरिक्त रकम मांगने का आरोप
पीड़ित का कहना है कि शोरूम कर्मचारियों ने यह कहते हुए गाड़ी देने से मना कर दिया कि वही वाहन किसी अन्य ग्राहक को बेच दिया गया है। आरोप है कि नई गाड़ी देने के लिए 50,000 रुपये अतिरिक्त मांग की गई। जब इसका विरोध किया गया तो न तो वाहन सौंपा गया और न ही जमा धनराशि लौटाई गई।









