टैक्स वसूली जारी, सुविधाएं गायब

जलालपुर के स्टैंडों पर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं

अंबेडकरनगर। नगर पालिका परिषद जलालपुर की कार्यशैली एक बार फिर चर्चा में है। टैक्सी और साइकिल स्टैंडों से नियमित शुल्क वसूली के बावजूद यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। भीषण गर्मी में पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और छायादार प्रतीक्षालय की कमी से लोग परेशान हैं।

मालीपुर रोड स्टैंड पर चबूतरा तो बना, वाटर कूलर अब तक नहीं

मालीपुर रोड टैक्सी स्टैंड पर वाटर कूलर लगाने के लिए चबूतरा महीनों पहले तैयार किया गया था। लेकिन अब तक कूलर नहीं लगाया गया। गर्मी में यात्री पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।

खराब वाटर कूलर और गंदगी से हालात बिगड़े

जमालपुर चौराहा-बसखारी रोड स्थित स्टैंड पर लगा वाटर कूलर अक्सर खराब रहता है। यहां न तो स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था है और न ही बैठने या शौचालय की सुविधा। हाथी मंदिर के पास स्थित स्टैंड पर भी स्थिति समान बनी हुई है।

यादव चौराहा-मित्तूपुर रोड के पास एसबीआई के निकट बने मूत्रालय में गंदगी का अंबार है। शौचालय की कमी और सफाई व्यवस्था की अनदेखी भी सामने आई है।

सेंट्रल बैंक स्टैंड पर सबसे खराब स्थिति

सेंट्रल बैंक के पास स्थित टैक्सी स्टैंड पर यात्रियों के लिए न पानी की सुविधा है, न छाया और न बैठने की व्यवस्था। रोजाना यहां से गुजरने वाले यात्री परेशानी झेल रहे हैं।

राजस्व वसूली पर सवाल, सुविधाएं शून्य

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका केवल शुल्क वसूली पर ध्यान दे रही है, जबकि यात्रियों की सुविधाओं की अनदेखी हो रही है। रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही के बावजूद बुनियादी सुविधाएं नहीं बढ़ाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button