
वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के IMS परिसर में शनिवार को एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, सतर्कता के चलते पास में चल रही कक्षाओं से सभी छात्रों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, यह गोदाम एक निजी फर्म ‘अनील इंटरप्राइजेज’ का था, जहां अस्पताल से जुड़े कायाकल्प कार्यों का सामान रखा हुआ था। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आग की वजह शॉर्ट सर्किट और गोदाम के सामने जल रहे कूड़े से उठी चिंगारियां हो सकती हैं। ये लपटें धीरे-धीरे गोदाम तक पहुंचीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गोदाम के अंदर पेंट और रंग-रोगन से जुड़ा ज्वलनशील सामान रखा हुआ था। इसके अलावा 2-3 गैस सिलेंडर भी मौजूद थे, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम करीब 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन समय रहते कार्रवाई न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।









