नई दिल्ली। NEET री-एग्जाम को देखते हुए केंद्र सरकार ने भारत में टेलीग्राम मैसेजिंग एप पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को जारी प्रेस रिलीज में बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत यह कार्रवाई की है।
NTA के अनुसार, टेलीग्राम पर कुछ चैनलों और ग्रुप्स के जरिए पेपर लीक के फर्जी दावे किए जा रहे थे तथा छात्रों और अभिभावकों से ठगी की जा रही थी। एजेंसी ने बताया कि 21 जून को होने वाली NEET पुनर्परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
सरकार ने टेलीग्राम का मैसेज एडिट फीचर भी 30 जून तक बंद रखने का निर्देश दिया है, ताकि परीक्षा के बाद पुराने संदेशों में बदलाव कर फर्जी सबूत तैयार न किए जा सकें। NTA ने छात्रों से अपील की है कि पेपर लीक या परीक्षा में मदद के नाम पर मिलने वाले किसी भी संदिग्ध ऑफर की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर दें।









