
नालंदा (बिहार): मंगलवार सुबह बिहार के नालंदा जिले में शीतला माता मंदिर में दर्शन के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की जान चली गई, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं। एक पुरुष ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा। घटना में कई श्रद्धालु घायल भी हुए हैं।
बताया जा रहा है कि चैत्र माह के आखिरी मंगलवार के चलते मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी थी। मौके पर मेला भी लगा हुआ था, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या करीब 25 हजार तक पहुंच गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे हालात बिगड़ गए।
दर्शन के लिए आगे बढ़ने की होड़ में अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। अफरातफरी के बीच कई लोग भीड़ में दब गए, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
हैरानी की बात यह है कि उसी दिन नालंदा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 8 जिलों के करीब 2500 जवान तैनात किए गए थे, जबकि मंदिर परिसर में इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था।
घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया है। पटना कमिश्नर को बिहार शरीफ भेजा गया है और मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। लापरवाही के आरोप में दीपनगर थाना प्रभारी (SHO) राजमणि को सस्पेंड कर दिया गया है।
सरकार ने मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपये और केंद्र सरकार ने 2 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। हादसे के बाद मंदिर और मेले को बंद करा दिया गया है।








