राम मंदिर पर आतंकी साजिश का खुलासा, संदिग्ध गिरफ्तार

ATS-NIA ने कर्नाटक से 22 वर्षीय युवक को पकड़ा, पाकिस्तान कनेक्शन का दावा

लखनऊ/दावणगेरे। अयोध्या के श्रीराम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। ATS और NIA की संयुक्त टीम ने बुधवार शाम कर्नाटक के दावणगेरे से 22 वर्षीय युवक मोहम्मद सुहैल को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी मोहम्मद सुहैल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह का रहने वाला है और कर्नाटक में एक फैक्ट्री में काम कर रहा था। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह पाकिस्तान स्थित एक आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ था और अपनी पहचान छिपाकर लंबे समय से दावणगेरे में रह रहा था।

एजेंसियों के मुताबिक, सुहैल के मोबाइल फोन से पाकिस्तान के कुछ संदिग्ध नंबर, हथियारों के साथ तस्वीरें और कई संदिग्ध वॉट्सऐप ग्रुप्स के सबूत मिले हैं। फिलहाल NIA और ATS की टीमें उससे गहन पूछताछ कर रही हैं और उसे जल्द ही उत्तर प्रदेश लाया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले दावणगेरे से जमीर खान (22) और तुमकुरु से अल्ला बख्श (24) को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान इन दोनों ने सुहैल का नाम लिया था, जिसके आधार पर एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज की और उसे गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के संपर्क में था और वहीं से उसे कथित रूप से निर्देश मिल रहे थे। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके नेटवर्क और संपर्कों की गहराई से जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button