महिला हॉकी में सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में चौथे दिन सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। देव इंद्रावती महिला महाविद्यालय के क्रीड़ांगन में हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने तेज खेल और बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. राणा रणधीर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हॉकी में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो खेल के लिए सकारात्मक संकेत है। अनुशासन और टीम भावना के साथ खेलने पर जोर दिया।

जिला क्रीड़ाधिकारी शीला भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती है। खेल निदेशालय महिला खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

पहला सेमीफाइनल एकतरफा, गोरखपुर ने 8-0 से जीता

पहला सेमीफाइनल गोरखपुर और वाराणसी के बीच खेला गया। मुकाबला पूरी तरह गोरखपुर के पक्ष में रहा। टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 8-0 से जीत दर्ज की। वाराणसी की टीम पूरे मैच में गोल नहीं कर सकी। गोरखपुर के खिलाड़ियों ने तेज पासिंग और मजबूत आक्रमण से मैच पर नियंत्रण बनाए रखा।

दूसरे सेमीफाइनल में अयोध्या की जीत

दूसरा सेमीफाइनल अयोध्या और लखनऊ के बीच खेला गया। यह मुकाबला काफी कड़ा रहा। दोनों टीमों ने एक-एक गोल के लिए अंत तक संघर्ष किया। मैच के अंतिम दौर में अयोध्या की टीम बढ़त बनाने में सफल रही और जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल में गोरखपुर और अयोध्या की भिड़ंत

सेमीफाइनल के परिणाम के बाद अब फाइनल मुकाबला गोरखपुर और अयोध्या के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने अपने-अपने मैचों में बेहतर प्रदर्शन किया है, जिससे फाइनल मुकाबले के रोमांचक होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button