17 दिन से लापता युवक का शव इंदिरा नहर में मिला

लखनऊ। राजधानी के गोसाईगंज इलाके में मंगलवार शाम इंदिरा नहर में एक युवक का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 21 वर्षीय प्रियांशु, निवासी ग्राम कबीरपुर थाना गोसाईगंज के रूप में हुई है।

1 फरवरी से था लापता

परिजनों के मुताबिक, प्रियांशु 31 जनवरी की रात गांव के पास स्थित अल्फा पब्लिक कॉलेज में सोने गया था। वह आमतौर पर सुबह सात बजे तक घर लौट आता था, लेकिन 1 फरवरी को सुबह दस बजे तक घर नहीं पहुंचा। तलाश के दौरान कॉलेज के गार्ड ने बताया कि वह सुबह करीब सात बजे वहां से निकल गया था। काफी खोजबीन के बाद 2 फरवरी को गोसाईगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

17 दिन बाद नहर में मिला शव

मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि इंदिरा नहर में एक युवक का शव बह रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान प्रियांशु के रूप में की। परिवार का दावा है कि शव पर चेहरे सहित कई स्थानों पर चोट के निशान थे। उनका कहना है कि शव की स्थिति देखकर लग रहा था कि मौत हाल ही में हुई है, जबकि प्रियांशु 17 दिनों से लापता था।

प्रेम संबंध में आई दरार, हत्या का आरोप

मृतक के भाई सुधीर का आरोप है कि प्रियांशु का पास के गांव की एक युवती से करीब सात साल से प्रेम संबंध था और दोनों की शादी की बात भी चल रही थी। इसी बीच युवती ने शादी से इनकार कर दिया और हाल के दिनों में उसका संबंध किसी अन्य युवक से हो गया।

परिजनों के अनुसार, 31 जनवरी की रात युवती अपने नए साथी और दो अन्य युवकों के साथ प्रियांशु से मिली थी। इस दौरान कहासुनी हुई और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिवार को आशंका है कि प्रियांशु को अगवा कर बंधक बनाया गया और बाद में हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button