सीडीओ के औचक निरीक्षण से दफ्तरों में मची हलचल

कई कार्यालयों में अधिकारी मिले अनुपस्थित

अम्बेडकरनगर। सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ला ने कई विभागों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की सूचना मिलते ही विभिन्न कार्यालयों में हलचल तेज हो गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने खादी एवं ग्रामोद्योग कार्यालय, सीडीपीओ अकबरपुर कार्यालय, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, जल निगम समेत अन्य विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं मिले।

अनुपस्थित अधिकारियों पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान कुछ कार्यालयों में जिम्मेदार अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई और दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने समय पालन को लेकर सख्त निर्देश भी दिए।

बताया गया कि सरकारी कार्यालयों में देर से पहुंचने और नियमित उपस्थिति न होने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने बिना पूर्व सूचना निरीक्षण किया।

कार्यालयों में उपस्थिति व्यवस्था की जांच

निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका, कार्यालय संचालन व्यवस्था और कर्मचारियों की मौजूदगी की भी जांच की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यालयों का संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा आम जनता के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने तथा निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button