- गर्भपात कराने और जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप
- महिला की तहरीर पर अकबरपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज
- सीओ कर रहे मामले की जांच
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर जिला न्यायालय में एक महिला कर्मचारी ने अपने सहकर्मी बाबू पर रेप का आरोप लगाया है। अकबरपुर कोतवाली में दर्ज शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपी अंकित सिंह से उसकी मुलाकात जुलाई 2023 में हुई थी।
अंकित सिंह अयोध्या जिले के थाना तरुण का रहने वाला है। महिला का आरोप है कि अंकित ने 25 जुलाई 2024 को शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी टाल देता था।
15 अगस्त की शाम को आरोपी महिला के कमरे पर आया। शादी की बात करने पर भड़क गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे धमकी भी दी। महिला ने यह भी बताया कि एक बार वह गर्भवती हुई थी, तब अंकित ने उसका गर्भपात करा दिया और जातिसूचक गालियां भी दीं।
क्षेत्राधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।








