चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत

खालिसपुर भटौली के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव, पहचान में जुटी पुलिस

अम्बेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को चलती ट्रेन से गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को स्टेशन मास्टर की ओर से मालीपुर थाने को मेमो भेजकर सूचना दी गई कि शाहगंज से अकबरपुर की ओर जा रही ट्रेन से एक व्यक्ति गिर गया है। सूचना में बताया गया कि ग्राम खालिसपुर भटौली के पास रेलवे लाइन किनारे एक युवक घायल अवस्था में पड़ा है।
सूचना मिलते ही मालीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान अकबरपुर-शाहगंज रेलवे ट्रैक के खंभा संख्या 887/17 के पास करीब 30 वर्षीय युवक मृत अवस्था में मिला।
मौके पर जुटी भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने आसपास के थानों को भी सूचना दी है, ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर पहचान कराई जा सके।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की जा रही है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button