आज से शुरू हुआ जनगणना का पहला चरण

नागरिक खुद दर्ज कर सकेंगे अपना ब्योरा

जनगणना 2027 के पहले चरण की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। इस चरण में नागरिक स्वयं अपना विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसे ‘सेल्फ एन्युमरेशन’ नाम दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।

जिलाधिकारी Dr. Vijay Singh ने बताया कि सेल्फ एन्युमरेशन की प्रक्रिया बेहद आसान और सरल है। इसमें सामान्य रूप से 10 से 12 मिनट का समय लगता है, जबकि तेज़ी से जानकारी भरने पर इसे 5 से 7 मिनट में भी पूरा किया जा सकता है।

वेबसाइट पर जाकर भरना होगा विवरण

डीएम ने बताया कि जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित निर्देशों का पालन करते हुए नागरिक अपना ब्योरा दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया के दौरान परिवार और घर से जुड़ी सामान्य जानकारी मांगी जाएगी।

इसमें घर में उपलब्ध सुविधाएं, परिवार के सदस्यों की संख्या, कमरों की संख्या, पीने के पानी की व्यवस्था, कुकिंग गैस, रेडियो, टीवी और इंटरनेट जैसी जानकारी शामिल होगी।

ओटीपी के बाद बनेगी एन्युमरेशन आईडी

जानकारी दर्ज करने के बाद मोबाइल पर एक ओटीपी प्राप्त होगा। ओटीपी सत्यापन पूरा होने के बाद एक एन्युमरेशन आईडी जनरेट होगी। प्रशासन ने लोगों से इस आईडी को सुरक्षित रखने की अपील की है।

22 तारीख से घर-घर पहुंचेगा प्रगणक

डीएम ने बताया कि 22 तारीख से प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। उस समय नागरिकों को अपनी एन्युमरेशन आईडी दिखानी होगी, जिससे प्रक्रिया का सत्यापन किया जा सकेगा।

प्रशासन का कहना है कि डिजिटल प्रक्रिया अपनाने से जनगणना अधिक पारदर्शी और सुगम बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button