अंबेडकर नगर। शुकुल बाजार स्थित रामलीला मैदान में बृहद कलश शोभा यात्रा के साथ चार दिवसीय 9 कुंडीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण और राष्ट्र निर्माण व सनातन धर्म से जुड़े जयघोषों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखी गई।
महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर 551 महिलाओं के लक्ष्य के साथ कलश शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में गायत्री माता, राधा-कृष्ण तथा रथ पर विराजमान भारत माता की भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर शुकुल बाजार के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
वैदिक मंत्रोच्चारण और राष्ट्र निर्माण के जयघोष
कलश शोभा यात्रा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ धार्मिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े नारों की गूंज सुनाई दी। तिरंगे और सनातन परंपरा के प्रतीक रंगों से सजे झंडों के साथ श्रद्धालुओं ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना दिया। शोभा यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
यात्रा के समापन के बाद कथा स्थल पर विधिवत कलश स्थापना की गई। इसके पश्चात गायत्री माता की आरती संपन्न हुई और श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। इसी के साथ कलश शोभा यात्रा का औपचारिक समापन हुआ।
सांगीतमय कथा की तैयारी शुरू
कलश यात्रा के उपरांत आयोजक मंडल द्वारा चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की अगली कड़ी के रूप में सांगीतमय प्रवचन कथा की तैयारियां प्रारंभ कर दी गईं। आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन सायं 6 बजे से रामलीला मैदान शुकुल बाजार में संगीतमय कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर प्रवचन सुनने का अवसर मिलेगा।








