- शहजादपुर में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
- जय जगन्नाथ, हरे रामा-हरे कृष्णा के जयकारों से गूंजा वातावरण
- कानपुर, गोरखपुर, वृंदावन धाम से आए श्रद्धालुओं ने लिया भाग
अंबेडकरनगर। शहजादपुर नगर में मंगलवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। हरे रामा, हरे कृष्णा और जय जगन्नाथ के मंत्रों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। रथयात्रा में नगर सहित वृंदावन धाम, कानपुर, गोरखपुर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन और रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया।
रथ पर विराजे भगवान, जयकारों से गूंजा मार्ग
रथयात्रा की शुरुआत शहजादपुर कस्बे से हुई। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की मूर्तियों को रथ पर विराजमान कर भव्य आरती की गई। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं ने रस्सियों से रथ खींचकर नगर भ्रमण की शुरुआत की। भक्तों की श्रद्धा और उत्साह देखते ही बन रही थी।यात्रा मार्ग पर कोल्ड स्टोर रामलीला मैदान, लोहा मंडी, और शशांक होटल तक रथ को खींचा गया। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया गया। प्रसाद वितरण के साथ भक्तों को रथयात्रा में सहभागी होने का विशेष अवसर प्राप्त हुआ।
शहर के कोने-कोने से उमड़े श्रद्धालु
यात्रा के दौरान नगरवासियों सहित दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने रथ खींचने में भाग लिया। जगह-जगह भजन, कीर्तन और शंखनाद से वातावरण भक्तिरस में सराबोर होता रहा।
रथयात्रा के सफल आयोजन में श्याम दास की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सक्रिय रहे। इस अवसर पर सांसद रितेश पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा, मिथिलेश त्रिपाठी, मनोज पांडेय, दयानंद पांडेय, अमन मेहलोतरा, शेषनाथ जायसवाल और रुद्र नारायण पटेल सहित कई विशिष्ट जन मौजूद रहे।








