
- सड़क के बीच गड्ढा बना हादसों की वजह
- चोक नाली से सड़क पर बह रहा गंदा पानी
- मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से ग्रामीण चिंतित
अंबेडकरनगर के जहांगीरगंज विकासखंड स्थित नगर पंचायत राजे सुल्तानपुर के वार्ड नंबर 4 में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। सड़क के बीच बना गड्ढा और नाली का गंदा पानी लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
सड़क के बीच जेसीबी से खोदा गया गड्ढा लंबे समय से भरा नहीं गया है। इससे पूरा मार्ग असमान और खतरनाक हो गया है। बारिश होते ही यह गड्ढा पानी से भर जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
नाली चोक, गंदा पानी सड़क पर फैला
ग्रामीणों के अनुसार नाली पूरी तरह चोक है। करीब 100 मीटर तक गंदगी जमा होने से पानी का बहाव रुक गया है। इसका असर सीधे सड़क पर दिखाई दे रहा है, जहां लगातार गंदा पानी बहता रहता है।स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में बदबू फैल गई है और हालात इतने खराब हैं कि राहगीरों को नाक ढककर गुजरना पड़ता है। घरों के सामने भी गंदा पानी जमा हो रहा है।
मच्छरों का प्रकोप, बीमारी का खतरा बढ़ा
गंदगी और ठहरे पानी के कारण मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। लोगों ने आशंका जताई है कि इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है।इलाके में बच्चों और बुजुर्गों की हालत ज्यादा खराब है। कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं, जबकि कुछ को हल्की चोटें भी आई हैं।









