यूपीटीईटी अभ्यर्थियों काे मिलेगी फ्री बस यात्रा की सुविधा

देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपीटीईटी परीक्षा का पर्चा लीक करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा दोबारा होने पर अभ्यर्थियों काे मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जायेगी और उनका प्रवेश पत्र ही रोडवेज बस का टिकट होगा। योगी ने रविवार को देवरिया के भाटपाररानी क्षेत्र में बहियारी बघेल में 200 करोड़ रूपये की 412 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि टीईटी का पर्चा लीक करने वालों के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी।


उन्होंने कहा कि पर्चा लीक करने वालों पर गैंगस्टर की कार्रवाई करने के साथ आरोपियों के घर पर बुलडोजर भी चलेगा। इस मामले में अभी तक 23 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि टीईटी की परीक्षा एक माह के भीतर कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में माफियाओं का राज चलता था। आज इनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चल रहा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिये बगैर उन्होंने कहा कि माफियाओं पर सरकार की कड़ी कार्रवाई कुछ लोगों को बुरी लग रही है। माफियाओं के सरपस्त भस्मासुर हैं।

आप इन्हें प्रश्रय न दें। उन्होने कहा कि देवरिया और कुशीनगर चीनी का कटोरा हुआ करता था। सपा-बसपा की सरकार ने 21 चीनी मिलों को बेच दिया। मैंने जिला प्रशासन से जमीन उपलब्ध कराने को कहा है। जमीन मिलते ही देवरिया में एक चीनी मिल लगेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button