
- झाड़ग्राम के दुकानदार बिक्रम साव ने जताई चिंता
- पाकिस्तान और बांग्लादेश से कॉल आने का दावा
- वीडियो कॉल पर हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप
Narendra Modi को चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी खिलाने वाले Bikram Shaw ने जान से मारने की धमकियां मिलने का दावा किया है। पश्चिम बंगाल के Jhargram में रहने वाले बिक्रम साव का कहना है कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश से फोन कॉल आ रहे हैं, जिनमें उनकी दुकान उड़ाने की धमकी दी जा रही है।
बिक्रम साव के अनुसार, कुछ लोगों ने वीडियो कॉल के जरिए हथियार दिखाकर डराने की कोशिश भी की। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनका पूरा परिवार तनाव और भय के माहौल में जी रहा है।
दरअसल, 20 अप्रैल को पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झाड़ग्राम पहुंचे थे। रोड शो के दौरान उन्होंने बिक्रम साव की दुकान से झालमुड़ी खरीदी और खाई थी। इस मुलाकात का वीडियो और तस्वीरें प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की थीं, जिसके बाद बिक्रम साव अचानक चर्चा में आ गए थे।
बिक्रम साव मूल रूप से Bihar के रहने वाले हैं और फिलहाल अपने माता-पिता के साथ पश्चिम बंगाल में रहते हैं। पीएम मोदी से मुलाकात को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि देश के प्रधानमंत्री उनकी दुकान पर आएंगे। बिक्रम के मुताबिक उन्होंने पैसे लेने से मना किया था, लेकिन प्रधानमंत्री ने जबरदस्ती भुगतान किया और झालमुड़ी की तारीफ भी की।









