- सम्मनपुर थाना क्षेत्र में नशे में बाइक हादसे में युवक की मौत
- मृतक की पहचान अतुल उर्फ अभिषेक यादव के रूप में हुई
- तेज गति और नशे की हालत में बाइक अनियंत्रित होकर नाली में गिरी
अंबेडकर नगर, हजपुरा (संवाददाता)।सम्मनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक शराब के नशे में धुत होकर बाइक से गिर पड़ा और बगल की नाली में जा गिरा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को मरणासन्न अवस्था में जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नाली में औंधे मुंह पड़ा मिला युवक
घटना सोमवार रात लगभग 10:30 बजे की है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि सतरही गांव को जाने वाली सड़क किनारे एक बाइक पड़ी है और पास की नाली में एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही सम्मनपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने देखा कि एक युवक औंधे मुंह नाली में गिरा है, जिसकी हालत मरणासन्न थी। तत्काल तलाशी ली गई, लेकिन युवक के पास से कोई दस्तावेज या मोबाइल बरामद नहीं हुआ। घटनास्थल पर मिली मोटरसाइकिल (नंबर – UP 45 HM 5942) के आधार पर मृतक की पहचान की गई।
अतुल उर्फ अभिषेक यादव के रूप में हुई पहचान
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक का नाम अतुल उर्फ अभिषेक यादव था, जो मोतिगरपुर, थाना टांडा, जनपद अंबेडकर नगर का निवासी था। स्थानीय सूत्रों और प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि अतुल शराब पीने का आदी था।








