अम्बेडकरनगर/अतरौलिया। विश्व रक्तदाता दिवस की पूर्व संध्या पर आरम्भ फाउंडेशन की ओर से नगर पंचायत अतरौलिया स्थित दयानंद विद्या बाल मंदिर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 39 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 33 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए सहयोग का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. हम्मीर सिंह, प्रिंश सिंह मोंटी, राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन अयोध्या के अध्यक्ष आकाश गुप्ता ‘ब्लडमैन’ तथा आरम्भ फाउंडेशन की संस्थापक एवं कार्यक्रम संयोजक संध्या सिंह ‘समीप’ ने किया।
सुबह से दिखा उत्साह, युवाओं की रही सक्रिय भागीदारी
शिविर में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। रक्तदान के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचे। पूरे दिन रक्तदाताओं के पंजीकरण और रक्तदान की प्रक्रिया जारी रही।
रक्तदान को बताया सामाजिक जिम्मेदारी
मुख्य अतिथियों ने रक्तदान को मानव जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए नियमित रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी समय किसी भी व्यक्ति को पड़ सकती है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए बड़ी सेवा है।
मनीष सोनी के नेतृत्व में हुआ आयोजन
शिविर का संचालन आरम्भ फाउंडेशन के आजमगढ़ जिलाध्यक्ष मनीष सोनी के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान अभियान का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करना भी है।
शिविर में अंजलि सोनी, मनीष सोनी, आशीष सोनी, अभय, पंकज, अंशुमान, राहुल, शिवम, प्रवेश, गोपाल, विक्की, आकाश, अनिकेत, सुदामा सोनी, पिंटू सोनी, कृष्ण कुमार, सागर और त्रिवेणी प्रसाद सहित 33 लोगों ने रक्तदान किया।









