- स्वदेशी वस्तुओं की बढ़ती बिक्री और जीएसटी बचत उत्सव को बढ़ावा
- वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम में भाग लिया
- डिजिटल माध्यमों और लाइव प्रसारण से ग्राम स्तर तक संदेश पहुंचा
अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 127वें मन की बात कार्यक्रम को रविवार को जनपदभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साहपूर्वक सुना। जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी के मार्गदर्शन और जिला संयोजक दिलीप पटेल देव के संयोजन में कार्यक्रम को बूथ स्तर तक प्रसारित किया गया। जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने बताया कि जनपद के सभी 1421 बूथों पर सामूहिक रूप से कार्यक्रम का श्रवण किया गया, जिसमें 13,782 कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सहभागिता की।
सुलेमपुर में पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा ने सुना मन की बात
टांडा विधानसभा क्षेत्र के सद्दरपुर मंडल के बूथ संख्या 14, सुलेमपुर में पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात सुनी। उन्होंने कार्यक्रम के बाद कहा कि प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उनके योगदान को याद किया और देश के एकीकरण में उनके प्रयासों को नमन किया।
कपिल देव वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसे भारतीय संस्कृति, प्रकृति और समाज के बीच गहरी एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि मोदी ने त्योहारों में स्वदेशी वस्तुओं की बढ़ती बिक्री और स्वच्छता अभियानों की सफलता को जनता के सहयोग का परिणाम बताया।
“ऑपरेशन सिंदूर” से बढ़ा गर्व, माओवादी इलाकों में जले दीप
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया है। उन्होंने बताया कि इस बार देश के उन इलाकों में भी दीपोत्सव मनाया गया, जहां पहले माओवादी आतंक का साया था। प्रधानमंत्री ने इसे नए भारत की उज्जवल दिशा की पहचान बताया।








