
अंबेडकरनगर। अकबरपुर जिला मुख्यालय में नाबालिग स्कूली छात्रों द्वारा चार पहिया वाहनों से खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तीन चार पहिया वाहनों को सीज कर दिया है। घटना तमसा मार्ग स्थित एक विद्यालय में आयोजित फेयरवेल पार्टी के बाद की बताई जा रही है।
चलती गाड़ियों पर खड़े होकर किया स्टंट
वायरल वीडियो में देखा गया कि छात्र चलती चार पहिया गाड़ियों से बाहर निकलकर गेट खोलकर खड़े हो गए और तेज रफ्तार में स्टंट करते नजर आए। कुछ छात्र वाहन की छत और दरवाजों पर खड़े होकर तमसा मार्ग से सुल्तानपुर मार्ग तक पहुंचे। इस दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।
पुलिस ने लिया संज्ञान, वाहन किए सीज
मामले की पुष्टि करते हुए सीओ सदर नीतीश तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन चार पहिया वाहनों को सीज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पहचान और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया
पुलिस नाबालिग छात्रों की पहचान करने के साथ ही वाहनों के स्वामियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही छात्रों के अभिभावकों की जिम्मेदारी को लेकर भी विधिक कार्रवाई की संभावना जताई गई है।








