लखनऊ। महिगवां थाना क्षेत्र के दरियापुर चौराहे पर ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर के पीछे लगा वाटर टैंक टक्कर के बाद सड़क पर पलट गया। बाइक चला रहे मुसपिपरी निवासी प्रभात कुमार रावत उर्फ संजू (45) पुत्र राम प्रकाश रावत के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
बाइक पर पीछे बैठे सुरेश चंद्र भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही महिगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और बाइक को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।








