अम्बेडकरनगर। जिले में शनिवार को “यातायात माह, नवम्बर-2025” का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय परिसर में यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों, होमगार्ड जवानों और आम नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना और यातायात नियमों के पालन का संदेश देना रहा।
पुलिस अधीक्षक ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
शुभारंभ समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार, यातायात उप निरीक्षक समेत यातायात पुलिसकर्मी, महिला पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व नहीं बल्कि स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें और हमेशा बाईं ओर चलें। उन्होंने कहा कि सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करें, चौराहों पर पहले दाएं और बाएं देखकर ही आगे बढ़ें, और किसी भी प्रकार की स्टंट बाइकिंग या मोडिफाइड साइलेंसर के प्रयोग से दूरी बनाएं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छोटे-छोटे नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी कमी ला सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यातायात पुलिस का सहयोग करें और स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।








