लखनऊ। लखनऊ स्थित केजीएमयू परिसर में पानी की टंकी की सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें राहुल नामक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
आरोप है कि सफाई के दौरान युवक को बिना किसी सुरक्षा किट और पर्याप्त इंतजाम के टंकी में उतारा गया था, जहां करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर में परिजनों और साथी कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जमकर हंगामा किया।
प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। उनका आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।
मृतक के भाई रमेश ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी ने बिना सेफ्टी किट और इंश्योरेंस के राहुल को काम पर लगाया था। साथ ही पीएफ अकाउंट तक नहीं खोला गया था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लोगों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, केजीएमयू प्रशासन भी घटना के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।









