गोरखपुर में दर्दनाक हादसा: खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कॉर्पियो

  • स्कॉर्पियो खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, 3 दोस्तों की मौत
  • टक्कर इतनी भीषण कि कार का अगला हिस्सा ट्रॉली में घुसा
  • जेसीबी से निकालकर युवकों को बाहर निकाला गया
  • दो की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल ले जाते दम तोड़ा

गोरखपुर। जिले के गोला थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई। स्कॉर्पियो सवार युवक सड़क किनारे खड़ी सरकारी गेहूं लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रॉली में घुस गया और तीनों युवक वाहन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए।

घटना रात करीब 11:30 बजे भर्रोह के पास हुई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जेसीबी की मदद से स्कॉर्पियो को काटकर युवकों को बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि आगे बैठे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल था। उसे तत्काल एम्स गोरखपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान कोहड़ी बुजुर्ग गांव निवासी कुणाल यादव (20), अमन उर्फ अजय यादव (21) और अंकुर उर्फ प्रसून यादव (22) के रूप में हुई है। तीनों दोस्त रविवार शाम करीब 6 बजे स्कॉर्पियो से घूमने निकले थे और देर रात वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के एयरबैग खुलने के बावजूद युवकों की जान नहीं बच सकी। कार का ढांचा उनके शरीर में धंस गया था, जिससे उन्हें बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button